प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई का आयोजन कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास की अध्यक्षता में किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनी गई तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस जनसुनवाई के दौरान आवेदक ग्राम रोड़धा, तहसील आलीराजपुर निवासी श्री इडलसिंह पिता स्व. श्री केमता चौहान ने विगत पांच माह से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मैं जन्म से दिव्यांग हुं तथा पूर्व में मुझे दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन पिछले पांच माह से पेंशन मिलना बंद हो गई है। जिससे मुझे कई आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं मेरे द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने के बाद भी आज दिनांक तक मुझे दिव्यांग पेशन राशि प्राप्त नहीं हुई है मुझे शासन योजनानुसार दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलवाया जाए।
एक अन्य आवेदक ग्राम बड़ी खट्टाली, तहसील जोबट के ग्रामवासियों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान से पिछले दो माह एवं सितंबर माह का राशन वितरित नहीं किए जाने तथा आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्कूल में संचालित समूह को पिछले तीन माह से राशन नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया। उन्होनें बताया कि शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा पिछले दो माह से खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया।
राशन नहीं मिलने से हम गरीब पात्र परिवारों को खाद्यान्न की समस्या का सामना करना पड़ रहा है है।साथ ही हमारे गांव में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्कूल में संचालित समूह को भी पिछले तीन माह से राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है। हमें पात्रतानुसार राशन उपलब्ध करवाया जाए एवं आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्कूल में भी राशन उपलब्ध करवाया जाए जिससे इनका नियमित संचालन हो सके।
उक्त आवेदनों को अपर कलेक्टर श्री कनास ने संबंधित विभागों को जांच कर निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान,अतिक्रमण, सीमांकन करने,पुलिया निर्माण,वेतन भुगतान, पीएम आवास योजना,जमीनी कब्जा,नामांतरण एवं बटवारे से आदि विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया तथा समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विभिन्न विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



