सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत आज कलेक्टर कार्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में अनाथ बच्चों के लिए सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बच्चों को कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। साथ ही बच्चों के साथ संवाद कर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता की।

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बच्चों से उनकी शिक्षा एवं भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, शिक्षा कभी नहीं छोड़नी चाहिए। आज किया गया संघर्ष भविष्य में सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रत्येक बच्चे को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए और आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो बच्चे वर्तमान में बी ग्रेड में हैं, वे ए ग्रेड प्राप्त करने का प्रयास करें तथा ए ग्रेड प्राप्त करने वाले बच्चे अपना प्रदर्शन निरंतर बेहतर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि शिक्षा या अन्य किसी भी क्षेत्र में कठिनाई आने पर प्रशासन सदैव बच्चों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने उपस्थित अभिभावकों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं भी आजीविका संबंधी गतिविधियों से जुड़ें तथा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सिलाई सहित अन्य रोजगारमूलक गतिविधियां अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने कहानियां एवं कविताएं सुनाईं तथा उनके मनोरंजन के लिए प्रेरणादायक फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री विक्रांत भास्कर दामले सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।