सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिलेभर में स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य स्वच्छता कार्यक्रम छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का शुभारम्भ छिंदवाड़ा शहर के जिला अस्पताल के गेट नंबर- 1, अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास से किया गया।
जहां से हाथों में झाड़ू थामे सांसद श्री विवेक बंटी साहू, श्री शेषराव यादव, महापौर श्री विक्रम अहके, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री विजय पांडे, सभी पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल पटेल, नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी.राय, सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी सहित नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने हाथों में स्वच्छता कर्मियों की झाड़ू लेकर मुख्य सड़क की सफाई की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जन अभियान परिषद, विभिन्न सामाजिक संगठन, शुभम शिक्षा समिति, मॉडल फ्यूचर संस्था सहित गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने सहभागिता की।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए - स्वच्छता एवं सेवा कार्य के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने फव्वारा चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। जिसके बाद सांसद श्री साहू, श्री शेषराव यादव सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शासकीय एमएलबी स्कूल परिसर के सामने स्थित पार्क में पहुंचकर पौधारोपण किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मी सम्मानित - कार्यक्रम का समापन मेजर अमित ठेंगे चौक पर हुआ, जहां संस्कृति विभाग भोपाल से आए दल द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर का संदेश दिया गया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उत्कृष्ट स्वच्छताकर्मियों का सम्मान किया गया।
इनमें वार्ड क्रमांक 15 से श्री शुभम, भोला डागोर, वार्ड क्रमांक 36 से श्री हेमंत मेहरोलिया, वार्ड क्रमांक 39 से संजय, शंकर चुनवाने, वार्ड क्रमांक 06 से श्री जयकुमार पारोचे, वार्ड क्रमांक 06 से श्री सुन्दर/गुलाब, वार्ड क्रमांक 47 से सुन्नी, किशोर, वार्ड क्रमांक 46 से श्री विवेक, राजू झांझोट, वार्ड क्रमांक 28 से श्री जित्तू कहार और वार्ड क्रमांक 33 से श्री अनिल पुआरिया को उत्कृष्ट स्वच्छता कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने कहा कि हमारे स्वच्छताकर्मी ठंड, गर्मी, बरसात हर मौसम में पूरे समर्पण भाव से बिना किसी व्यवधान के अपना कार्य करते हैं और हमारे शहर को स्वच्छ बनाते हैं।
सभी ने ली स्वच्छता की शपथ - कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री साहू ने उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी श्री अभिलाष गोहर, सभापति श्री राहुल उइके, श्री प्रमोद शर्मा मंडल, श्री नवीन बारस्कर, स्वच्छता दूत और एनएसएस के युवा भी उपस्थित थे। मंच संचालन सहायक यंत्री श्री विवेक चौहान ने किया और आभार प्रदर्शन सिटी मैनेजर एनयूएलएम श्री उमेश पयासी द्वारा किया गया।






