विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के भारत पर्यटन इंदौर कार्यालय द्वारा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों TAAI एवं ADTOI के सहयोग तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के समन्वय से देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल, इंदौर एवं ऐतिहासिक पर्यटन नगरी मांडू में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल, इंदौर पर विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आगमन करने वाले यात्रियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
पर्यटकों को सरप्राइज गिफ्ट के रूप में स्वीट टॉफी, ‘अतुल्य भारत’ प्रिंटेड टी-शर्ट, लैपटॉप बैग, कॉफी मग तथा TAAI की ओर से ‘हैप्पी विश्व पर्यटन दिवस’ प्रिंटेड सिपर बोतल भेंट की गई। इस अवसर पर भारत पर्यटन इंदौर के सहायक निदेशक श्री ए. गोपाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री अतुल सिंह, श्री हेमेंद्र सिंह एवं श्री अमित नवलानी सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में ऐतिहासिक पर्यटन नगरी मांडू के जहाज महल स्मारक पर भी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का तिलक लगाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। पर्यटकों को ‘अतुल्य भारत’ से संबंधित प्रचार सामग्री एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान पर्यटकों को मांडू की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया गया। इसके पश्चात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहयोग से जहाज महल परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के माध्यम से ऐतिहासिक स्मारकों की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति पर्यटकों और पर्यटन हितधारकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ASI मांडू के कंजर्वेशन असिस्टेंट श्री नीरज पाटन, टूरिस्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर श्री शिवम कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं पर्यटन हितधारक उपस्थित रहे।




