अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर साक्षरता पखवाड़ा अंतर्गत विकासखंड नरसिंहपुर के सामाजिक चेतना केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी, नारा लेखन, साक्षरता शपथ, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा के महत्व का संदेश घर-घर पहुंचाया गया।
सामाजिक चेतना केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में नवसाक्षरों एवं अक्षरसाथियों का सम्मान कर उनके सीखने के प्रयासों का उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, अंकसूची का वितरण भी किया गया। प्रभात फेरी, नारों एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ऐसे लोगों को सामाजिक चेतना केंद्रों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया, जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह गए हैं।
विद्यार्थी बनेंगे अक्षरसाथी, असाक्षरों को बनाएंगे साक्षर
साक्षरता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अक्षरसाथी के रूप में जोड़ा जा रहा है। विद्यार्थियों का एनआईएलपी एप पर ऑनलाइन पंजीयन कराया जा रहा है। उन्हें अपने आस-पड़ोस के कम से कम दो असाक्षरों को पढ़ना-लिखना सिखाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस कार्य को प्रोजेक्ट गतिविधि के रूप में शामिल किया गया है तथा विद्यार्थियों को इसके लिए 10 अंक दिए जाने की जानकारी दी गई। इस पहल से विद्यार्थियों को विद्यालय की पढ़ाई के साथ समाज के बीच शिक्षा की रोशनी फैलाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
सामुदायिक सहभागिता से सशक्त हो रहा अभियान
सामाजिक चेतना केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विकासखंड सह समन्वयकों, जनशिक्षकों, संकुल सह समन्वयकों, नोडल अधिकारियों, अक्षरसाथियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। सभी ने शिक्षा से वंचित लोगों को साक्षर बनाने तथा उन्हें सामाजिक चेतना केंद्रों से जोड़ने के लिए सामुदायिक स्तर पर सहयोग का संकल्प लिया।
अक्षरसाथी बन रहे साक्षरता अभियान की ताकत
उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोगों को साक्षर बनाने का लक्ष्य है, जो किसी कारणवश शिक्षा से दूर रह गए हैं। सामाजिक चेतना केंद्रों पर अक्षरसाथी इन नवसाक्षरों को पढ़ने-लिखने के साथ-साथ जीवनोपयोगी ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जनभागीदारी और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से साक्षरता अभियान को नई गति मिल रही है।







