कोविड- 19 के कठिन दौर ने अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया। सौंसर के जवाहर वार्ड क्रमांक- 10 निवासी श्रीमती कल्पना ठाकरे का परिवार भी इस मुश्किल दौर से गुजरा। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई थी कि घर-परिवार का खर्च चलाना भी चुनौती बन गया था। आय और व्यय के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो गया था।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। नगर पालिका परिषद सौंसर के माध्यम से उन्हें योजना की जानकारी मिली और उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सौंसर से ऋण प्राप्त कर अपने छोटे व्यवसाय की शुरुआत की।
श्रीमती कल्पना ठाकरे ने प्राप्त ऋण से कपड़ों की दुकान का व्यवसाय शुरू किया। छोटे स्तर से शुरू हुआ यह व्यवसाय आज उनके परिवार की आय का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। योजना के माध्यम से प्राप्त प्रथम ऋण को उन्होंने समय पर चुकाया और आगे बढ़ते हुए 20 हजार रुपये का ऋण भी प्राप्त किया। वर्तमान में 20 हजार रुपये के ऋण की एक किस्त शेष है। इसके बाद वे व्यवसाय को और विस्तार देने के लिए 50 हजार रुपये का ऋण लेने की योजना बना रही हैं।
आज कपड़ों के व्यवसाय से श्रीमती कल्पना ठाकरे को लगभग 5 हजार रुपये प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है। इस आय से परिवार का भरण-पोषण पहले की तुलना में बेहतर ढंग से हो रहा है। उनके लिए पीएम स्वनिधि योजना केवल ऋण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर साबित हुई है।
श्रीमती कल्पना ठाकरे कहती हैं कि पीएम स्वनिधि योजना उनके परिवार के लिए वरदान साबित हुई है। योजना से मिले सहयोग ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का अवसर दिया। वे इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं—“प्रधानमंत्री जी, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।” सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसी सफलता की कहानियां यह संदेश देती हैं कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है




