मेरा युवा भारत रायसेन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आज नर्सिंग कॉलेज रायसेन में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” संकल्प अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. यशपाल बाल्यान, वेद प्रकाश शर्मा संचालक नशा मुक्ति केंद्र, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती आशालता श्रीधरन तथा सिस्टर ट्यूटर अजिता रानी सहित लगभग 200 युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, नशा मुक्ति विषय पर संवाद एवं जागरूकता चर्चा आयोजित की गई।
इसके साथ ही युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प एवं शपथ ली। मुख्य अतिथियों द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने साथियों एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों एवं मेरा युवा भारत के युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही।




