मैहर, 26 सितंबर। मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। मैहर जिले की नगर पालिका अमरपाटन निवासी श्रीमती पूनम प्रजापति के जीवन में भी योजना से मिली सहायता ने सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुनर्विवाह के अवसर पर उन्हें योजना के अंतर्गत ₹2 लाख की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।

श्रीमती पूनम प्रजापति ने शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता का उपयोग ट्रैक्टर खरीदने में किया। ट्रैक्टर के माध्यम से वे अपने कामकाज को आगे बढ़ा रही हैं। इससे उन्हें आजीविका का एक बेहतर और स्थायी साधन मिला है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

श्रीमती प्रजापति बताती हैं कि पहले बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पुनर्विवाह के बाद मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। सहायता राशि का सदुपयोग कर ट्रैक्टर खरीदने से अब उनके लिए आजीविका के नए अवसर सृजित हुए हैं और परिवार का जीवन-यापन पहले की अपेक्षा सुगम हुआ है।

श्रीमती पूनम प्रजापति ने योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह सहायता उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण आधार बनी है।