बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को उनकी उम्र के अनुरूप सरल एवं सहज योगासन के साथ विभिन्न शारीरिक गतिविधियां कराई जा रही हैं।

योगाभ्यास के दौरान बच्चे उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को सरल योगासन सिखाने के साथ शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं। खेल-खेल में कराई जा रही इन गतिविधियों से बच्चों में शारीरिक सक्रियता, एकाग्रता, संतुलन और अनुशासन की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विभाग द्वारा बच्चों में बाल्यावस्था से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आदत विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ उन्हें सक्रिय एवं अनुशासित दिनचर्या के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

आंगनवाड़ी केंद्रों में योगाभ्यास बच्चों के लिए केवल व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आनंदपूर्ण वातावरण में स्वस्थ रहने की आदतों से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है। बच्चों की नियमित सहभागिता से उनमें योग और शारीरिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित हो रही है।